देश के सभी संग्रहालय खोलने के लिए सरकार ने दी मंजूरी

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,10नवंबर।
कोविड-19 वैश्विक महामारी के बीच लाकडाउन खोलने के ताजा क्रम में मंगलवार से देश के सभी संग्रहालय आम दर्शकों एवं सैलानियों के लिए खुल रहे हैं। केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने सोमवार को यहां राष्ट्रीय संग्रहालय का भ्रमण करके संग्रहालय को खोले जाने की तैयारियों का जायजा लिया। सभी वीथिकाओं में पूरी साफ सफाई की गयी है। बारीक कलाकारी को लेंस के जरिये देखा जा सकेगा। किसी भी कलाकृति को हाथ लगाने की अनुमति नहीं होगी।

इस मौके पर संस्कृति मंत्रालय में सचिव योगेन्द्र त्रिपाठी, संयुक्त सचिव श्रीमती निरुपमा कोटरू, राष्ट्रीय संग्रहालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राघवेन्द्र सिंह भी मौजूद थे। पटेल ने संग्रहालय की दो वीथिकाओं का भ्रमण भी किया। बाद में उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि कोविड-19 के ऐहतियाती उपायों के साथ मंगलवार दस नवंबर से देश भर के संग्रहालय खोले जा रहे हैं। राष्ट्रीय संग्रहालय के मुख्य द्वार पर लोगों का तापमान लिया जाएगा। टिकटों की बिक्री संग्रहालय की चहारदिवारी के बाहर काउंटरों पर तथा ऑनलाइन होगी। सुरक्षा कर्मी मुख्य द्वार पर ही कोविड संबंधी जांच की प्रक्रिया को पूरा करेंगे। जांच में खरे नहीं पाये जाने पर आगन्तुक को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। पटेल ने कहा कि राष्ट्रीय संग्रहालय देश के बाकी संग्रहालयों के लिए एक आदर्श माना जाता है और उसकी मानक प्रक्रिया को देश में नियम की तरह स्वीकार किया जाता है। इसलिए उक्त प्रक्रिया देश के सभी संग्रहालयों में अपनायी जाएगी।

Comments are closed.