कुलगाम में आतंकियों का कायराना हमला

छत्तीसगढ़ के मजदूर की हत्या, एक गंभीर घायल; घाटी में गैर-स्थानीय श्रमिकों की सुरक्षा पर फिर सवाल

समग्र समाचार सेवा
श्रीनगर | 1 अगस्त :
शुक्रवार शाम जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के किलम गांव स्थित एक ईंट-भट्ठे पर आतंकवादियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों पर हमला कर दिया। हमले में छत्तीसगढ़ निवासी एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल मजदूर को पहले अनंतनाग मेडिकल कॉलेज और फिर श्रीनगर रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस जानकारी के मुताबिक, आतंकवादी अचानक ईंट-भट्ठे पर पहुंचे और वहां काम कर रहे दो मजदूरों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन एक मजदूर ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों ने तलाशी अभियान तेज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ने या मार गिराने का प्रयास किया जा रहा है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हमले की कड़ी निंदा की और कहा कि निर्दोष मजदूरों पर हमला आतंकवादियों की कायरता है। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराज्यपाल ने पुलिस एवं सुरक्षा बलों को आतंकियों के खिलाफ अभियान और तेज करने के निर्देश दिए हैं।

यह घटना ऐसे समय हुई है जब घाटी में अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पहले से ही हाई अलर्ट और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है। पिछले दो हफ्तों में यह दक्षिण कश्मीर का दूसरा बड़ा आतंकी हमला है। प्रवासी श्रमिकों पर हमले की घटनाएं एक बार फिर गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान चला रही हैं और हमलावरों की तलाश जारी है।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.