पीएम मोदी का वीडियो संदेश : गाली-गलौज से समाधान नहीं सही दिशा दें

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली 1 अगस्त :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार रात ट्विटर (X) पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए देशवासियों से अपील की कि “गाली-गलौज से कभी समाधान नहीं निकलता।” उनका यह बयान उस समय आया है जब दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान एक नोएडा निवासी महिला द्वारा कथित रूप से प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला गर्माया हुआ है।

वीडियो में पीएम मोदी ने कहा, “हम सबको मिलकर भारत के लिए काम करना है। भटके हुए लोगों को गाली-गलौज नहीं, सही दिशा देनी चाहिए। यह हमारा कर्तव्य है कि हम आपसी मतभेदों को सौहार्द और मार्गदर्शन से दूर करें।” उन्होंने जोर देकर कहा कि गाली-गलौज या नफरत समाज में समाधान नहीं लाती

पीएम मोदी ने बताया कि दशकों से पेपर लीक के मामलों ने केंद्र और राज्य सरकारों को परेशान किया है, जिससे बच्चों का भविष्य खतरे में पड़ा। “हर राज्य सरकार और केंद्र को पेपर लीक की चुनौती मिली। बच्चों के भविष्य के लिए शिक्षा प्रणाली में सुधार और तकनीक का विस्तार जरूरी है,” उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया कि पेपर लीक माफिया और गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और ऐसे तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार भरोसेमंद परीक्षा व्यवस्था बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, और इसी दिशा में काम जारी रहेगा।”

वीडियो संदेश के अंत में पीएम मोदी ने सभी से मिलकर विकसित भारत के सपने को पूरा करने का आह्वान किया और कहा, “कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ें—यही विश्वास चाहिए।”

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.