समग्र समाचार सेवा
कोलकाता, 17 अगस्त :पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में ‘स्कूल ठीक करो’ सर्वे के तहत स्कूल का निरीक्षण करने वाले सीजेपी वालंटियर शेख अब्दुल हाफिज के पिता जनाब माफिक की मौत के मामले ने जोर पकड़ लिया है। CJP ने आरोप लगाया कि सरकारी स्कूल की स्थिति का वीडियो बनाने के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने वालंटियर के घर हमला कर दिया, जिसमें उनके पिता को गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके समेत नेताओं ने मामले में कड़ी प्रतिक्रिया दी और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही, उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस पर पर्याप्त सुरक्षा न देने और समय पर कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया। दिपके ने कहा कि सीजेपी की टीम बांकुरा जाएगी और परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने लिखा, “हमें धमकी या हमला रोक नहीं सकता, हम बेहतर स्कूलों के लिए लड़ते रहेंगे।”
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना पर बयान देते हुए कहा कि उन्हें मिली एफआईआर में बीजेपी का नाम नहीं है और जितने नाम लिखे थे उससे अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने कहा कि राज्य में कानून का शासन है और CJP सोमवार को शांतिपूर्वक प्रोटेस्ट कर सकती है।
घटना की पृष्ठभूमि में यह सामने आया कि वालंटियर अब्दुल हाफिज ने 13 अगस्त को अपने पुराने सरकारी स्कूल का निरीक्षण किया था। इसके बाद कुछ लोगों ने उनके घर हमला किया, जिसमें उनके बुजुर्ग पिता के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौत हो गई।
Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.