‘नमामि भारतम्’: वन्दे मातरम् के 150वें वर्ष पर गूंजेगा राष्ट्रस्वर

विद्या भारती के मार्गदर्शन में 25 सितंबर को 25 हजार से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक लोग एक साथ करेंगे संपूर्ण वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन।

  • वन्दे मातरम् के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में 25 सितंबर 2026 को देश भर में ‘नमामि भारतम्’ राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
  • इस ऐतिहासिक अभियान के तहत 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी और नागरिक एक साथ संपूर्ण वन्दे मातरम् का सामूहिक गायन करेंगे।
  • दिल्ली में भी लगभग 300 स्थानों पर एक लाख से अधिक लोग इस आयोजन में सहभागी होंगे, जिसका मुख्य कार्यक्रम पीजीडीएवी कॉलेज में होगा।

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली / भोपाल, 24 सितंबर: भारतीय स्वाधीनता संग्राम के दौरान जन-जन में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाने वाले अमर राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में एक ऐतिहासिक और अभूतपूर्व राष्ट्रव्यापी आयोजन होने जा रहा है। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में 25 सितंबर 2026 (शुक्रवार) को देश भर में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रातः 11 बजे देश के 25,000 से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी, आचार्य, अभिभावक और आम नागरिक एक साथ संपूर्ण ‘वन्दे मातरम्’ का सामूहिक गायन कर ‘एक स्वर – एक संकल्प – एक भारत’ की भावना को जीवंत करेंगे।

नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने का अनूठा अभियान

आयोजकों के अनुसार, ‘नमामि भारतम्’ केवल एक सामूहिक गायन तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह नई पीढ़ी को वन्दे मातरम् की गौरवशाली ऐतिहासिक यात्रा, स्वतंत्रता आंदोलन में उसके अद्वितीय योगदान और उसके राष्ट्रीय महत्व से परिचित कराने का एक व्यापक अभियान है। इस अभियान के तहत देश भर के शिक्षण संस्थानों में विशेष संवाद, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और वन्दे मातरम् के इतिहास से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जिस प्रकार इस गीत ने हर भारतवासी के दिल में क्रांति की ज्वाला जलाई थी, उसी ऊर्जा को एक बार फिर से युवा पीढ़ी के भीतर जागृत करने का यह एक सार्थक प्रयास है।

एशिया बुक और इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज होगा नाम

इस राष्ट्रव्यापी आयोजन की भव्यता को देखते हुए इसे एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स तथा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा एक साथ सर्वाधिक संख्या में विद्यार्थियों और आमजन द्वारा एक स्वर में ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गायन के रूप में रिकॉर्ड प्रमाणन हेतु सूचीबद्ध किया गया है। दोनों ही प्रतिष्ठित संस्थाओं ने विद्या भारती के विद्यालयों और इस अभियान से जुड़े सभी सहभागियों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

दिल्ली में प्रमुख कार्यक्रमों के स्थल

विद्या भारती दिल्ली प्रांत के महामंत्री डॉ. सतीश माहेश्वरी ने जानकारी दी है कि राजधानी दिल्ली में लगभग 300 स्थानों पर एक लाख से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक और नागरिक इस राष्ट्रयज्ञ में अपनी आहुति देंगे। दिल्ली के प्रमुख कार्यक्रम निम्नलिखित हैं:

मुख्य कार्यक्रम:

स्थान: पीजीडीएवी कॉलेज परिसर, रिंग रोड, नेहरू नगर, लाजपत नगर, नई दिल्ली

समय: 25 सितंबर 2026, प्रातः 11:00 बजे

मुख्य अतिथि: श्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय महामंत्री, विद्या भारती

माता लीलावंती सरस्वती बाल मंदिर:

स्थान: एल ब्लॉक, हरि नगर, नई दिल्ली (दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल के निकट)

मुख्य अतिथि: श्री सुखराज सेठिया, अध्यक्ष, उत्तर क्षेत्र, विद्या भारती

शैडले पब्लिक स्कूल:

स्थान: प्रेस कॉलोनी, जी-8 एरिया, राजौरी गार्डन, नई दिल्ली

मुख्य अतिथि: डॉ. सतीश माहेश्वरी, महामंत्री, विद्या भारती दिल्ली प्रांत

श्री सनातन धर्म सरस्वती बाल मंदिर:

स्थान: रोड नंबर 70, पंजाबी बाग, नई दिल्ली

मुख्य अतिथि: डॉ. अनिल अग्रवाल, माननीय संघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दिल्ली प्रांत

यह ऐतिहासिक आयोजन न केवल स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने का अवसर है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के दिलों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करने का भी एक स्वर्णिम अवसर सिद्ध होगा।

Comments are closed, but trackbacks and pingbacks are open.